रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस।
रिसिया। सुल्तानपुर जिले के एक युवक का शव बृहस्पतिवार सुबह रिसिया-मटेरा रेलखंड पर रेलवे ट्रैक के किनारे मिला। रिसिया में ससुराल वालों के साथ रह रहा युवक दो दिन पहले नगर मुख्यालय जाने की बात कहकर घर से निकला था। जीआरपी ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मटेरा थाना के लक्ष्मनपुर शंकरपुर निवासी गोपाल सिंह रिसिया कस्बे में किराये के मकान में रहते हैं। उनकी पुत्री रेखा का विवाह छह वर्ष पूर्व सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर थाना के सिदिलपुर निवासी विजय बहादुर सिंह (30) से हुआ था। विजय के दो पुत्र रुद्र और कान्हा हैं। वह पिछले कई दिनों से पत्नी रेखा के साथ अपनी ससुराल में रह रहे थे।
परिजनों के अनुसार मंगलवार को विजय किसी काम से नगर मुख्यालय जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक नहीं लौटे। बृहस्पतिवार सुबह लोगों ने रिसिया रेलवे स्टेशन के पश्चिम दिशा में रिसिया-मटेरा रेलखंड पर समपार फाटक संख्या-51 के निकट रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा।
रिसिया थाना प्रभारी करुणाकर पांडेय तथा जीआरपी थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। शव की पहचान विजय बहादुर सिंह के रूप में हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा युवक की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।