मटेरा। मटेरा थाना के समोखन गांव में दो दिन से लापता चार वर्षीय बालिका रूपा का शव बुधवार सुबह घर के पास एक तालाब में उतराता मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गांव निवासी फौजदार निषाद सोमवार को परिवार सहित धान की रोपाई करने खेत गए थे, तभी उनकी बेटी रूपा लापता हो गई। शाम को परिवार के लौटने पर वह नहीं मिली। परिजनों ने तलाश की पर कोई सुराग नहीं लगा।
फौजदार निषाद ने मटेरा थाने में गुमशुदगी की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब में शव देखा, जिसकी पहचान रूपा के रूप में हुई। थाना प्रभारी हरिकेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर बालिका के खेलते-खेलते तालाब में डूबने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई होगी।