शिवपुर/हुजूरपुर। शिवपुर और हुजूरपुर क्षेत्र में बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर सरयू नदी में बुजुर्ग महिला और एक ग्रामीण का शव उतराता मिला। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
नानपारा की ग्राम पंचायत सरैया निवासी कृष्णावती (70) का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। वह सोमवार से घर से लापता थीं। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। बुधवार दोपहर करीब दो बजे सोहबतिया के मटहरनपुरवा के पास सरयू नदी में उनका शव उतराता मिला।
सूचना पर थाना प्रभारी गुरुसेन सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ नानपारा चित्रांशु गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
उधर, हुजूरपुर के सिंगरौ गांव निवासी इंद्रजीत सिंह (80) सोमवार को घर से कुट्टी बाजार जाने के लिए निकले थे। देर शाम तक न लौटने पर परिजनों ने रानीपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार दोपहर बसंतपुर के रामघाट के पास सरयू नदी में उनका शव उतराता मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। हुजूरपुर थाना प्रभारी विपिन प्रकाश सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एएसपी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि ग्रामीण वहां कैसे पहुंचे और किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई, इसकी जांच कराई जा रही है।