मिहींपुरवा में सरयू नदी में नाव पलटने के बाद मौके पर जांच करते एसडीएम। -संवाद
मिहींपुरवा। ग्राम गिरगिट्टी के निकट मंगलवार को सरयू में मछली पकड़ने गए एक वृद्ध की नाव अचानक पलट गई। हादसे में वृद्ध नदी की तेज धार में बह गए। ग्रामीणों और परिजनों ने खोज की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। उपजिलाधिकारी ने घटनास्थल का मुआयना किया है।
मजरा ठोकरपुरवा नदी किनारे बसा है। यहां के लोग अक्सर नाव लेकर मछली पकड़ने जाते हैं। सोमवार की रात गांव के मानिकचंद (65) नाव से मछली पकड़ने गए थे। देर रात तेज हवा से नाव डगमगाकर पलट गई और वह डूब गए।
मंगलवार सुबह तक घर न लौटने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ नदी में तलाश शुरू की। खोज के दौरान मानिकचंद की नाव तो मिल गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
मौके पर पहुंचे एसडीएम मिहींपुरवा रामदयाल ने पीएसी की बोट बुलाकर खोज अभियान शुरू कराया। एसडीएम ने बताया कि पीएसी और राजस्व विभाग की टीम लगभग तीन किलोमीटर के क्षेत्र में वृद्ध की तलाश कर रही है।