बहराइच। जरवलरोड थाना क्षेत्र में बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगाें ने सीएचसी मुस्तफाबाद पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक ने हेलमेट लगा रखा था, लेकिन वह पहिए की चपेट में आकर टूट गया। लखनऊ के गांव नूरपुर बेहटा का निवासी अंकुज सिंह (28) सोमवार दोपहर बाइक से गोंडा जा रहा था। इसी दौरान बहराइच राजमार्ग पर झुकिया चौराहे के पास दूसरे वाहनों को ओवरटेक कर रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में अंकुज गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अंकुज ने हेलमेट लगा रखा था, लेकिन उसका सिर पहिए की चपेट में आ गया और हेलमेट टूट गया।
गंभीर रूप से घायल अंकुज को स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर सीएचसी मुस्तफाबाद पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सीओ कैसरगंज कमलेश सिंह ने बताया कि हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर भाग गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।