पटना खरगौरा से मंगलवार को बहराइच जा रहे बाइक सवार लक्ष्मननगर के निकट एक कुंड में जा गिरे। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई वहीं किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को बाहर निकलवाया। इसके बाद घायल किशोर को जिला चिकित्सालय भेजा। हादसे के समय बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पटना खरगौरा के मजरा पटना निवासी रवी सोनी (25) पुत्र गोकरननाथ सोनी मंगलवार को बाइक से बहराइच जा रहा था। इस दौरान उसके साथ गांव का ही सोनू सोनी (16) पुत्र किशोरी सोनी भी था। इस दौरान दोनों ने ही हेलमेट नहीं लगाया था।
फोरलेन पर काफी तेज रफ्तार से जा रहा रवी सोनी लक्ष्मननगर के निकट कुंड के मोड़ पर बाइक से नियंत्रण खो बैठा। इससे बाइक समेत दोनों कुंड में जा गिरे। इससे रवी की घटना स्थल पर मौत हो गई, जबकि साथ में मौजूद सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने घायल सोनू को एंबुलेंस से संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा भेजा।