सड़क हादसे के बाद जल रही बाइक।
- फोटो : सड़क हादसे के बाद जल रही बाइक।
मिहींपुरवा। बहन की शादी का कार्ड बांटकर लौटते समय शुक्रवार को ऑटो की टक्कर से बाइक में आग लग जाने से युवक जिंदा जल गया। उसकी मौत से शादी की खुशियां गम में बदल गईं। परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है।
मोतीपुर के मजरा कटैलापुरवा निवासी राजेश कुमार (35) की बहन की शादी आगामी कुछ दिनों में होनी है। राजेश व अन्य परिजन शादी की तैयारियों में लगे थे। शुक्रवार सुबह राजेश रिश्तेदारों को शादी का कार्ड देने के लिए बाइक से निकले थे। कार्ड बांट कर लौटते समय बहराइच-लखीमपुर मार्ग पर कुड़वा मोड़ के पास सब्जी लाद कर सामने से आ रहे एक ऑटो से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सड़क किनारे पटरी पर पलट गए और बाइक की पेट्रोल टंकी फट जाने से आग लग गई।
राजेश आग की चपेट में आ गए। यह देखकर राहगीरों ने बाइक में लगी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। सूचना पर तत्काल पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने आग बुझाई।राजेश को सीएचसी मोतीपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी आनंद चौरसिया ने बताया कि ऑटो चालक हादसे के बाद भाग गया था। उसकी तलाश की जा रही है। राजेश की मौत से परिवार के सदस्यों के आंसू नहीं थम रहे हैं।