भूपेंद्र प्रताप सिंह के साथ मौजूद महसी विधायक व अन्य।
- फोटो : भूपेंद्र प्रताप सिंह के साथ मौजूद महसी विधायक व अन्य।
बहराइच। जिले के युवा निशानेबाज भूपेंद्र प्रताप सिंह ने 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के ट्रायल में शानदार प्रदर्शन कर बहराइच का नाम रोशन किया है। उन्होंने 50 मीटर राइफल प्रोन डेफ मेन स्पर्धा में 598.7 का उत्कृष्ट स्कोर हासिल करते हुए इंडिया शूटिंग टीम के लिए क्वालिफाई किया है। गगनदीप सिंह भी ट्रायल में सफल रहे, लेकिन अंक कम होने के कारण टीम में स्थान नहीं बना सके।
भूपेंद्र प्रताप सिंह इससे पहले भी प्री नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। उन्होंने .22 प्रोन 50 मीटर राइफल स्पर्धा में पहला स्थान प्राप्त किया था। वर्तमान में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए आसानी से नेशनल क्वालिफिकेशन प्राप्त किया। नेशनल स्तर पर चयनित खिलाड़ी आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करते हैं।