बहराइच के कलेक्ट्रेट स्थित धरनास्थल पर बुधवार को बैठक करते भाकियू भानू गुट के पदाधिकारी।
बहराइच। कलेक्ट्रेट स्थित धरनास्थल पर बुधवार को भारतीय किसान यूनियन भानु की मासिक पंचायत हुई। पंचायत में किसानों व आम जनमानस की समस्याओं पर मंथन हुआ। इसके बाद पदाधिकारियों ने नौ सूत्रीय ज्ञापन मजिस्ट्रेट को सौंपा।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष पतीराम चौधरी ने कहा कि बीते दिनों आंधी व पानी से किसानों की फसल का जो नुकसान हुआ है, उसका मुआवजा मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले में गन्ना पेराई सत्र समाप्त हो गया है, लेकिन अभी तक किसानों को भुगतान नहीं हो सका है, जिसे कराया जाए। जिले के गेहूं क्रय केंद्रों को उच्च अधिकारियों द्वारा जांच कराई जाए, जिससे किसानों का शोषण न हो सके। जिले में गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही हैंडपंपों की मरम्मत होनी चाहिए व नहरों में जलाशय कराया जाना चाहिए। जिले में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से अवैध नर्सिंगहोम की भरमार है। इसमें कई जगह सरकारी डॉक्टर प्रैक्टिस भी कर रहे हैं। इस पर अंकुश लगना चाहिए। धरने के समापन पर मजिस्ट्रेट को नौ सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इस दौरान लीला सिंह, मोहम्मद सईद, मैकूलाल यादव, दिनेश कुमार गुप्ता, राम सागर मिश्र, धरम चंद्र महेश, आफताब आलम, लल्लन प्रसाद आदि मौजूद रहे।