फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संभल कर जलाएं पटाखे, समस्या हो तो करें फोन

विज्ञापन
विज्ञापन
बहराइच। दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ 27 अक्तूबर को मनाया जायेगा। इस अवसर पर बच्चे, बूढ़ों व युवाओं के लिए पटाखे आकर्षण का केंद्र होंगे। लेकिन पटाखे छुड़ाते समय तनिक सी चूक से जिंदगी मुश्किल में पड़ सकती है। सावधानी पूर्वक पटाखों का आनंद लेने से ही दीप पर्व की खुशियां मनाएं। अगर किसी को कोई भी दिक्कत हो तो अस्पताल को एंबुलेंस के लिए काल करें। अग्निशमन विभाग भी मुस्तैद रहेगा। कॉल कर मदद ले सकते हैं।
विज्ञापन

दीपावली पर्व पर पटाखे छुड़ाते समय तनिक सी लापरवाही कभी-कभी बड़ी घटना का कारण बनती है। ऐसे में सजग रहकर ही त्योहार का आनंद लिया जा सकता है। लेकिन कभी बच्चों की हरकत व अचानक दीपक की लौ से अग्निकांड या पटाखा फूटने की घटना पर लोगों के जलने के मामले सामने आते हैं। उस दौरान सोच विचार के बजाए तत्काल अग्निशमन विभाग और स्वास्थ्य महकमे की मदद लें। जिससे पटाखे से झुलसे व्यक्ति की जान बचायी जा सके। साथ ही अग्निकांड की घटना पर काबू पाया जा सके। अग्निशमन विभाग व स्वास्थ्य महकमे ने इसके लिए तैयारी भी कर ली है।
जिला मुख्यालय व नानपारा तहसील पर भी तैयार हैं अग्निशमन कर्मी
दीपावली के मौके पर किसी अनहोनी से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग चूक करने के मूड में नहीं है। सीएफओ सीपी शर्मा ने बताया कि सात वाहन हैं। इनमें चार टैंकर व तीन बोलेरो दमकल जिला मुख्यालय पर हैं। जबकि एक टैंकर व तीन अग्निशमन कर्मी की ड्यूटी नानपारा तहसील में लगाई गई है। कैसरगंज या महसी क्षेत्र में वारदात होने पर बहराइच से मदद दी जाएगी।
विज्ञापन

इस नंबर पर काल कर लें मदद
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सीपी शर्मा ने बताया कि अगर अग्निकांड जैसी घटना सामने आती हैं तो तनिक भी देर किये बेसिक नंबर 05252-232111 और टोल फ्री नंबर 101 पर काल करें। तत्काल मदद मुहैया होगी।
छोटे बच्चों को पटाखों से दूर रखें
वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. केके वर्मा ने बताया कि पटाखे जलाते समय छोटे बच्चों को उस स्थान से कम से कम पांच मीटर की दूरी पर रखें। क्योंकि पटाखों के बारूद के धुएं के संपर्क में आने पर बच्चों के शरीर पर दाने निकल सकते हैं, आंखों में जलन की शिकायत भी हो सकती है। यदि ऐसा कोई लक्षण नजर आये तो शीघ्र ही चिकित्सक की मदद लें।
हृदय रोगी बरतें सावधानी
जिला चिकित्सालय के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. मलय श्रीवास्तव का कहना है कि हृदय रोगियों को पटाखे जलते समय सावधानी बरतनी होगी। जो दिल की धड़कन व एंजाइना के रोगी हों, या जिन्हें पूर्व में हार्ट अटैक हो चुका हो उन्हें विशेष सजग रहना होगा। क्योंकि पटाखों के फटने पर दिल की धड़कन तेज होती है धमनियां सिकुड़ती हैं। ऐसे में दिल के रोगियों को दिक्कत हो सकती हैं। इसके अलावा दमा के रोगियों को पटाखे के धुएं से परहेज करने की आवश्यकता है। क्योंकि सांस फूलने की समस्या बढ़ सकती है।
बचाव के उपाय
कान में रुई लगाकर दागें पटाखे।
रोशनी के पटाखे जलाते समय पहनें चश्मा।
बच्चों को बड़ों की देखरेख में जलवाएं पटाखे।
पटाखे फोड़ते समय पानी भरी बाल्टी पास रखें।
पटाखे जलाते समय बरतें सावधानी
1. पटाखे मैदान अथवा खुले स्थान पर ही जलायें।
2. आसपास पानी व रेत की बाल्टी अवश्य रखें।
3. फर्स्टएड बाक्स घर में अवश्य रखें।
4. अधजले पटाखों को पुन: जलाने का प्रयास न करें।
5. पटाखे जलाते समय अधिक ढीले वस्त्र न पहनें।
इमरजेंसी के लिए अस्पताल प्रशासन तैयार
दीपावली पर्व पर आग लगने की घटनाओं या पटाखे में लोगों के घायल होकर अस्पताल पहुंचने की संभावनाओं के चलते अस्पताल प्रशासन ने भी तैयारियां कर ली है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीके सिंह ने बताया कि इमरजेंसी व बर्न वार्ड में अतिरिक्त 20 बेड का इंतजाम किया गया है। 6 विशेषज्ञ चिकित्सक विशेष परिस्थिति के लिए ड्यूटी पर मुस्तैद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर अग्निकांड या जलने की घटना होती है तो पीड़ित को तत्काल इलाज मुहैया कराया जाएगा।
102 व 108 नंबर डायल कर मांगे एंबुलेंस
सीएमएस ने बताया कि अगर संयोगवश दीपावली के समय कोई घटना होती है तो अस्पताल का 102 या एंबुलेंस का नंबर 108 डायल कर तत्काल एंबुलेंस मंागें, जिससे रोगी को समय पर इलाज मुहैया कराया जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें