बहराइच। जिले की मलिन बस्तियों के दिन बहुरने वाले हैं। केंद्र सरकार ने अमृत योजना के तहत बहराइच जनपद को चयनित किया है। इसके तहत नगर पालिका व नगर पंचायत क्षेत्रों की मलिन बस्तियों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की जाएगी।
इसके लिए जल निगम ने रिसिया, नानपारा और बहराइच शहर में सर्वे शुरू किया है। सर्वे के बाद इन इलाकों में पेयजल आपूर्ति के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अटल मिशन रिज्यूवनेशन एंड अर्बन ट्रांस्फारमेशन (अमृत योजना) शुरू की थी। योजना के तहत उत्तर प्रदेश के साठ जनपदों को शामिल किया गया है। इसमें बहराइच जनपद भी शामिल है।
योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में बुनियादी ढांचों को और बेहतर करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार ने पांच हजार करोड़ रुपये का बजट घोषित कर रखा है।
बहराइच जनपद के शामिल होने के बाद योजना के तहत नगरीय क्षेत्रों की मलिन बस्तियों में पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
जल निगम के अधिशासी अभियंता बीआर राम ने बताया कि अमृत योजना के तहत बहराइच को चयनित किया गया है। इसके तहत कार्ययोजना बनाने के लिए बहराइच नगरपालिका क्षेत्र, नानपारा नगरपालिका क्षेत्र और रिसिया नगर पंचायत क्षेत्र में सर्वे कराया जा रहा है।
यहां की मलिन बस्तियों में सर्वे के दौरान कर्मचारी परिवारों की संख्या, आबादी, पेयजल के उपलब्ध संसाधनों आदि का ब्यौरा दर्ज करेंगे। इसके बाद बस्तियों में पेयजल आपूर्ति के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।