बहराइच। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को प्रधानमंत्री फसल बीमा की जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति की बैठक हुई, जिसमें डीएम को जानकारी मिली कि पंजीकरण के बाद भी नौ बैंकों की ओर से 16838 किसानों का विवरण अपलोड नहीं किया गया है। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि 31 जनवरी तक सभी पंजीकृत किसानों का विवरण बैंक अपलोड करें, जिससे किसी किसान को क्षति न हो सके।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत गठित जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में डीएम ने प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना की रिपोर्ट तलब की। जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार पांडेय ने बताया कि अब जिले में 46080 किसानों का पंजीकरण योजना के तहत हुआ है। जिसमें 28997 किसानों का विवरण बैंक की ओर से अपलोड किया गया है। जबकि नौ बैंकों की ओर से 16838 किसानों का विवरण अपलोड नहीं किया गया है।
इस पर डीएम बिफर पड़े। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि 31 जनवरी तक सभी किसानों का विवरण बैंक अपलोड करें। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि केसीसी के आवेदन बैंकों के पास जारी करने के लिए है। लेकिन बैंक द्वारा केसीसी जारी नहीं किया जा रहा है। इस पर डीएम ने कहा कि केसीसी का आवेदन करने वाले सभी किसानों को 15 दिन के अंदर कार्रवाई की जाए।