बहराइच। आज मेरे यार की शादी है जैसे गानों व बैंड बाजे की धुन पर नाचते लोग शादियों में मस्ती करते हुए दिखेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बंदिशें खत्म कर दी हैं। अब न तो जिला प्रशासन से अनुमति लेनी होगी और न ही थानों के चक्कर लगाने होंगे। बस आप पुलिस को सूचना देकर अपने घर में होने वाले कार्यक्रम को कोविड़-19 के नियमों का पालन करते हुए पूरा सकते हैं।
दिल्ली में कोरोना की रफ्तार तेज होते देख शासन ने शादियों पर बंदिशें लगाते हुए 100 लोगों के शामिल होने के साथ बैंड बाजों पर रोक लगा दी थी। लेकिन अब सीएम योगी ने बंदिशें खत्म कर दी है। बैंड बाजों की धुन पर गानों पर थिरकते हुए दूल्हे राजा अपनी ससुराल पहुंचेंगे। सीएम ने बैंड बाजा की अनुमति देने के साथ अब शादी की अनुमति के लिए जिला प्रशासन व पुलिस के पास जाने का झाम भी खत्म कर दिया। स्थानीय थानों पर सूचना देकर कोविड़-19 के नियमों का पालन करते हुए 100 लोगों के अंदर आप अपने घर की शादी व मांगलिक कार्यक्रम कर सकते है। मुख्यमंत्री ने बैंड बाजा बजाने पर रोकने वाले अधिकारियों व पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए है। सीएम के इस निर्देश के बाद लोगों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।
एडीएम जयचंद्र पांडेय ने कहा कि शादी में कोरोना प्रोटोकॉल को देखते हुए सरकार ने गाइड लाइन जारी की है। इसके तहत बैंड, कैटर्स, टेंट आदि के कर्मचारी शादी के आमंत्रित सदस्यों में नहीं जोड़े जाएंगे। इसको लेकर लोग बेफिक्र रहें। पुलिस भी बिना किसी बात के हस्तक्षेप नहीं करेगी।