प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझातीं बलहा विधायक सरोज सोनकर
- फोटो : amar ujala
अड़गोड़वा गांव के मजरा कलुवाडीह में रविवार को खेत में मूंगफली की खोदाई कर रही 50 वर्षीय महिला की एचटी लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। अधिकारियों के कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
गांव निवासी जलपता रविवार सुबह करीब 10 बजे अपने खेत में काम कर रही थीं। खेत के किनारे से गुजर रही एचटी लाइन के तार जमीन के करीब तक लटक रहे थे। काम के दौरान अचानक खड़ी होने पर वह तार की चपेट में आ गईं और बुरी तरह झुलस गईं। परिजनों ने रायबोझा पावर हाउस जाकर बिजली आपूर्ति बंद कराई, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।
सूचना पर विधायक सरोज सोनकर, एसडीएम मोनालिसा जौहरी और सीओ चित्रांशु गौतम मौके पर पहुंचे। विधायक ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीओ नानपारा चित्रांशु गौतम ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
एक महीने से लटका तार, शिकायतें अनसुनी
ग्रामीण विनय यादव, चंद्रिका प्रसाद और छोटकन ने बताया कि एक महीने से अधिक समय से तार नीचे लटक रहे थे। इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने गांव से बाहर जाने वाले मार्ग पर प्रदर्शन कर नाराजगी जताई।