दीपावली और भैया दूज पर बहनों के घर जा रहे ग्रामीणों के सामने सुजौली-कठौतिया मार्ग पर अचानक बाघ आ गया। वह काफी देर तक सड़क पर चहलकदमी करता रहा। उसे सामने देखकर राहगीरों के कदम थम गए। कुछ लोगों ने मोबाइल से उसका वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज के सुजौली-कठौतिया मार्ग पर मंगलवार को क्षेत्र के कुछ ग्रामीण दीपावली और भैया दूज के अवसर पर अपनी बहनों के घर जा रहे थे। इसी दौरान आदर्श, सुशील, समीर रजक, मनीष, सोनमती, मालती, प्रीतम और सुरेश समेत अन्य लोगों की नजर सड़क पर कुछ दूरी पर मौजूद बाघ पर पड़ी। अचानक सामने बाघ देखकर सभी सहम कर रुक गए। बाघ काफी देर तक सड़क पर टहलता रहा। राहगीर दूर खड़े होकर उसकी गतिविधियां देखते रहे। कुछ लोगों ने इस दौरान उसका वीडियो बना लिया।
राहगीरों के अनुसार, लगभग पांच मिनट बाद बाघ धीरे-धीरे घने जंगल की ओर चला गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी को लेकर चर्चा है।
वन क्षेत्राधिकारी नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि कतर्नियाघाट वन क्षेत्र से सटे गांवों और मार्गों पर वन्यजीवों की आवाजाही को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। जंगल के बीच से गुजरने वाले कच्चे रास्तों पर आवागमन करते समय सतर्क रहें और अकेले जाने से बचें।