रुपईडीहा पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 304 ग्राम नाजायज स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में एक महिला तस्कर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में रियाज अली उर्फ रियाज बाबा हिस्ट्रीशीटर एवं गैंगस्टर आरोपी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रुपईडीहा थाना क्षेत्र के चकिया रोड स्थित एक टाइल्स की दुकान से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त की जा रही है। सूचना पर थाना रुपईडीहा पुलिस और स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में महिला की पहचान पूनम वर्मा (33) निवासी किशुनदासपुर, थाना बदोसराय, जनपद बाराबंकी और पुरुष की पहचान रियाज अली उर्फ रियाज बाबा (31) निवासी चकिया रोड, वार्ड नंबर 09, रुपईडीहा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान रियाज की टाइल्स दुकान के काउंटर से 294 ग्राम और महिला के कब्जे से 10 ग्राम, कुल 304 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पूनम वर्मा ने बताया कि वह बाराबंकी से स्मैक लाकर रियाज अली को बेचती थी। वह बकाया रकम लेने और नए माल का नमूना दिखाने के लिए रुपईडीहा आई थी। वहीं, रियाज पर अपनी टाइल्स की दुकान की आड़ में चोरी-छिपे थोक में स्मैक बेचने का आरोप है।
स्कॉर्पियो, दो बाइक और पांच मोबाइल भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 304 ग्राम स्मैक के अलावा एक स्कॉर्पियो, दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन, एक सैमसंग कैमरा, 31,210 रुपये भारतीय मुद्रा और 25 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद किए हैं। इसके साथ ही दो डेबिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद किए गए। इस मामले में थाना रुपईडीहा में मु0अ0सं0 272/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय रवाना कर दिया।