रुपईडीहा (बहराइच)। नवाबगंज निवासी दो युवक व उनका मामा गुजरात में एक फैक्टरी में काम कर रहे थे। सरकार के घर वापसी कार्यक्रम के तहत तीनों मेहसाणा से रेल द्वारा सोनभद्र पहुंचे। वहां पर एक युवक का स्वास्थ्य ठीक न होने पर उसे सोनभद्र में रोक लिया गया। जांच के दौरान वह कोरोना संक्रमित पाया गया। इस पर अन्य दो युवकों में एक का स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल जांच के लिए भेजा है। मामा का पता लगाया जा रहा है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के दो युवक गुजरात में एक फैक्टरी में काम करते थे। युवक का मामा नानपारा कोतवाली क्षेत्र निवासी भी काम करता था। केंद्र सरकार द्वारा चलाए गए घर वापसी कार्यक्रम के तहत तीनों ट्रेन से सोनभद्र जिले पहुंचे। राबर्टसगंज रेलवे स्टेशन पर जांच के दौरान एक युवक की हालत सही नहीं दिखी। इस पर चिकित्सकों ने उसका स्वास्थ्य जांच कराया। दो लोगों को जिले के लिए भेज दिया। युवक और उसका मामा अपने-अपने गांव पहुंच गए।
सीएचसी चरदा के अधीक्षक डॉ. अर्चित श्रीवास्तव ने बताया कि सोनभद्र में जांच रिपोर्ट में युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। उसके दो साथी की तलाश शुरू की गई। एक युवक का पता लगने पर उसकी स्वास्थ्य जांच कर उसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। उसका मामा फरार है। उसकी तलाश पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम कर रही है। ऐसे में नानपारा के तेहरवा गांव के लोग सतर्क रहें।