बाबागंज (बहराइच)। बाबागंज-मल्हीपुर मुख्य मार्ग से 24 गांवों को जोड़ने वाले रामपुर संपर्क मार्ग स्थित पुलिया पर गड्ढा बन गया है, जो हादसे का सबब बन रहा है और प्रतिदिन दर्जनों लोग गिर कर चोटिल हो रहे हैं। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बाद भी जिम्मेदार अंजान हैं।
ग्राम पंचायत सहजरामपुरवा, गणेशपुर, सोरहिया, रामपुर समेत दर्जनों गांवों के लोग ब्लॉक मुख्यालय, जिला व पड़ोसी जिला श्रावस्ती जाने के लिए रामपुर संपर्क मार्ग का प्रयोग करते हैं। मार्ग से प्रतिदिन लगभग 20 हजार से अधिक लोग इस मार्ग से गुजरते हैं। लेकिन इस मार्ग पर बनी पुलिया टूटी हुई है और बड़ा सा गड्ढा हो गया है।
जिसमें गिर कर लोग चोटिल हो रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी राहगीरों को रात के समय हो रही है। सड़क के बीचो-बीच बने गड्ढों में बाइक, साइकिल सवार समेत कार चालक भी गिर रहे हैं।