बहराइच में गल्लामंडी के पास मिल में लगी आग को बुझाने का प्रयास करता श्रमिक।
बहराइच। गल्लामंडी रोड स्थित एक मिल में सोमवार को अचानक आग लग गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जांच में टीम को मिल बिना एनओसी के संचालित मिली है। दमकल विभाग अब मिल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है।
दरगाह क्षेत्र स्थित गल्लामंडी रोड पर कैलाश कुमार व मनीष कुमार के नाम से मिल का संचालन किया जा रहा था। मिल में भूसी संबंधी कार्य किया जाता है। लेकिन मिल की ओर से अग्निशमन विभाग से एनओसी नहीं ली गई थी और बिना सुरक्षा उपायों के इसका संचालन किया जा रहा था। सोमवार सुबह लगगभग 10:30 बजे मिल में अचानक आग लग गई। जिससे मिल में अफरातफरी मच गई। कार्य कर रहे मजदूरों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी।
इस पर मिल प्रबंधन ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। दमकल की टीम ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। अग्निशमन अधिकारी पुलकित चौधरी ने बताया कि शॉर्ट-सर्किट से आग लगी। मिल संचालक ने विभाग से कोई एनओसी नही ले रखी थी। जबकि विभाग की ओर से कुछ दिनों पूर्व ही नोटिस जारी किया था। बिना एनओसी व आग बुझाने के उपकरण के बिना मिल का संचालन अवैध है, मिल संचालक पर कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।