माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से शनिवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षाफल दोपहर में जारी होते ही जिले के मेधावी खुशी से उछल पड़े। जिले का परीक्षाफल हाईस्कूल का 74.50 प्रतिशत व इंटरमीडिएट का 59.03 फीसदी रहा।
बाल शिक्षा निकेतन की छात्रा मनीषा मिश्रा हाईस्कूल में 92.33 प्रतिशत अंक पाकर अव्वल रही। इंटरमीडिएट में महानंद अवस्थी इंटर कॉलेज शिवपुर का छात्र प्रतीक शुक्ला 86.60 प्रतिशत अंक पाकर जिले में अव्वल रहा। परीक्षाफल जानने के लिए दोपहर से शाम तक साइबर कैफे पर छात्रों की भीड़ उमड़ती रही।
किसी ने मिठाई खिलाकर तो किसी ने माला पहनाकर खुशी का इजहार किया। मेधावियों के घर पर जश्न का माहौल रहा। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम शनिवार दोपहर में एक साथ घोषित हुआ। हर छात्र अपना परीक्षाफल जानने के लिए उत्सुक दिखा।
लेकिन सरवर डाउन होता रहा, जिससे छात्र बेचैन रहे। एक बजे के आसपास जब कंप्यूटर स्क्रीन पर परीक्षा परिणाम आने लगे तो परीक्षाफल देख छात्र खुशी से उछलते रहे। एक-दूसरे के परीक्षाफल को लेकर छात्र आपस में चर्चा करते दिखे।
बाल शिक्षा निकेतन, सैनिक इंटर कॉलेज, रामप्रकाश इंटर कॉलेज पयागपुर, सरस्वती विद्या मंदिर, एकेएस पब्लिक स्कूल, सरस्वती इंटर कालेज रिसिया, राजकीय इंटर कालेज, सर सैयद गर्ल्स इंटर कालेज, मांटेसरी हायर सेकेंड्री स्कूल, महात्मा बुद्घ विद्यापीठ इंका कैलाशनगर, बहराइच सिटी मांटेसरी इंका के परीक्षाफल शत प्रतिशत रहे।
हाईस्कूल का 74.50 व इंटर का 59.03 फीसदी रहा रिजल्ट
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि इस बार हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 36,880 छात्र पंजीकृत थे। इनमें से 29,912 छात्र उपस्थित रहे। 22283 उत्तीर्ण हुए। इंटरमीडिएट में 25,572 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 21,733 छात्रों ने परीक्षा दी थी।
इनमें 12829 उत्तीर्ण हुए। हाईस्कूल में 74.50 प्रतिशत एवं इंटरमीडिएट में 59.03 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। डीआईओएस ने बताया कि हाईस्कूल की परीक्षा में बाल शिक्षा निकेतन की छात्रा मनीषा मिश्रा हाईस्कूल में 92.33 प्रतिशत अंक पाकर टॉपर रही। इंटरमीडिएट में महानंद अवस्थी इंटर कॉलेज शिवपुर के छात्र प्रतीक शुक्ला ने 86.60 प्रतिशत अंक अर्जित कर टॉप किया है। बीते वर्षों की अपेक्षा इस वर्ष जिले का परीक्षाफल अव्वल रहा है।
हाईस्कूल के टॉप फाइव मेधावी
परीक्षार्थी प्रतिशत विद्यालय
मनीषा मिश्रा 92.33 बाल शिक्षा निकेतन इंका
अमन नंदा 91.50 मां पार्वती देवी इंका बरदहा शिवपुर
श्रेयांश मिश्रा 90.67 सैनिक इंस्टीट्यूट इंका केडीसी रोड
सारा फरियाल 90.67 सारा उच्चतर मा. विद्यालय अमवा मोलवी
खुशबू पांडेय 90.33 बाल शिक्षा निकेतन गर्ल्स इंटर कॉलेज
वैष्णवी आनंद 90.33 बाल शिक्षा निकेतन गर्ल्स इंटर कॉलेज
इंटरमीडिएट के टॉप फाइव मेधावी
परीक्षार्थी प्रतिशत विद्यालय
प्रतीक शुक्ला 86.60 महानंद अवस्थी इंका शिवपुर
अंशिका सिंह 85.80 बनवारी देवी इंका अशोक नगर खुटेहना
धर्मेंद्र कुमार वर्मा 85.40 महानंद अवस्थी इंका शिवपुर
राजपूत इंद्रकुमार लोधी 84.80 रामप्रकाश इंका सुहेलवा पयागपुर
रत्नेश चतुर्वेदी 84.20 सरस्वती विद्या मंदिर इंका माधवपुरी