सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के पैर पकड़ते हुए दिखाने वाली संपादित तस्वीर वायरल करने के मामले में रानीपुर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
हुजूरपुर थाना के रघुबरपुरवा बसंतपुर निवासी अरुणेंद्र प्रताप ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि भंगहा निवासी मुंशीराम यादव ने इंस्टाग्राम की ‘बीरू शूटर’ आईडी से एक तस्वीर पोस्ट की। आरोप है कि तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अखिलेश यादव के पैर पकड़ते हुए दिखाया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, यह तस्वीर आपत्तिजनक है और इससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के बाद रानीपुर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी से यह जानकारी जुटा रही है कि तस्वीर कहां से प्राप्त की गई, उसे किस उद्देश्य से सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया और क्या इसे अन्य लोगों तक भी प्रसारित किया गया। पुलिस मामले से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।