बहराइच। शहर के गल्ला व्यापारी व उनके कर्मी को बंधक बनाकर रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रहे आरोपियों के गिरेबान तक पुलिस के हाथ पहुंच चुके हैं। सूत्र बताते हैैं कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व बरामद कार से आरोपियों की पहचान कर चुुकी है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि जल्द ही पुुलिस वारदात का खुलासा कर सकती है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के शिवनगर मोहल्ले में गल्ला व्यापारी आलोक बथवाल की थोक दुकान है। बीते रविवार रात वह नानपारा निवासी अपने कर्मी के साथ बैठे थे। तभी हथियारों से लैस पांच बदमाशों ने व्यापारी और उसके कर्मी को बंधक बना लिया और असलहा लगाकर रुपए मांगने लगे। इसी दौरान पहुंचे गल्ला व्यापारी के पुत्र को भी बदमाशों ने बंधक बना लिया और माथे पर तमंचा सटाकर रुपए मांगे। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है। सूत्र बताते हैैं कि देहात कोतवाली पुलिस अपराधियों तक पहुंच चुकी है। साक्ष्य एकत्र कर जल्द ही घटना का खुलासा कर सकती है। बुधवार को एसपी ने भी घटना के खुलासे को लेकर जानकारी ली और जांच भी की।
टीमें लगी हुुई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
- राजीव सिसौदिया, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर