बौंडी (बहराइच)। विकासखंड तेजवापुर की ग्राम पंचायत बिराहिम डीहा के मजरा इंदनापुर स्थित रामलीला मैदान में शनिवार को दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता के पहले दिन हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया जिससे उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो गए।
कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक प्रतिनिधि अभिषेक यादव ने किया। प्रतियोगिता में रॉयल स्टार इंदनापुर, मरौचा योद्धा, राजी चौराहा, बिराहिमडीहा, जालिमपुरवा, मां भगवती विद्या मंदिर समेत 12 टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के पहले दिन सभी टीमों के खिलाड़ियों ने अपने-अपने मैचों में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान काफी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। इस अवसर पर अभिषेक चौबे, विमल श्रीवास्तव, लालता शर्मा, दीपक शर्मा, सुनील शर्मा, प्रधान पंकज साहू, जगदीश यादव आदि मौजूद रहे।