बहराइच। साल 2022 का आखिरी दिन शनिवार को है। नए साल के स्वागत को लेकर लोगों ने तैयारियां पूरी कर लीं हैं। पार्क व रेस्टोरेंट भी सजकर तैयार है। लोगों के उत्साह को देखकर शहर के कई होटल, रिसॉर्ट व रेस्टोरेंट ने भी खासा इंतजाम किया है। दोपहर बाद से लोग नए साल के स्वागत को लेकर तैयारियां शुरू कर देंगे। अधिकांश रेस्टोरेंट युवाओं ने ही बुक करा रखे हैं।
रेस्टोरेंट संचालकों ने लोगों को आकर्षित करने के लिए सजावट की है। शहर के पांच बड़े बेकर्स के यहां तीन हजार केक बुक हो चुके है। लगभग सारी बुकिंग नए साल के जश्न को लेकर हुई है। वहीं, नए साल के स्वागत को लेकर फूल वालों ने भी तैयारी कर ली है। इस बार गुलाब 20 रुपये की जगह 30 रुपये पीस व बुके 100 की जगह 150 रुपये से शुरू हो रहा है। दुकानदारों का कहना है कि उत्साह के आगे महंगाई बौनी साबित होगी।