खैरीघाट(बहराइच)। बेखौफ चोरों ने बृहस्पतिवार रात चार दुकानों के ताले तोड़ कर लाखों का माल पार कर दिया। दुकानदारों ने घटना के खुलासे के लिए खैरीघाट थाने में तहरीर दे दी है।
खैरीघाट के इमामगंज बाजार स्थित कृष्ण कांत सोनी ज्वेलर्स की दुकान का शटर तोड़ बृहस्पतिवार रात अज्ञात चोरों ने लाखों के आभूूषण साफ कर दिए। अखिलेश कुमार गुप्ता की कपड़ों की दुकान पर भी चोरों ने धावा बोल दिया। दुकान में लगी एलसीडी व अन्य सामान चोर ले गए। पास स्थिति चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव की खाद-बीज की दुकान में भी चोरी का प्रयास हुआ। चोरों ने बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए।
इसके बाद चोरों ने पास स्थित बॉबी गुप्ता की पान की दुकान का ताला तोड़ा और सामान व नकदी ले गए। सुबह पहुंचे दुकानदारों ने शटर व ताला टूटा देखा तो होश उड़ गए। दुकानदारों ने खैरीघाट थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। दुकानदारों का आरोप है कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। थानाध्यक्ष निखिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।