विशेश्वरगंज (बहराइच)। सरयू नहर की पटरी पर अवैध रूप से रखी दर्जनों दुकानों को सोमवार को हटवा दिया गया। भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे सरयू नहर खंड के अधिकारियों ने जेसीबी की मदद से नहर की पटरी खाली करवाई। इस दौरान चौराहे पर अफरातफरी का माहौल रहा।
सरयू नहर खंड के एसडीओ ओमप्रकाश ने बताया कि पुरैना नहर की पटरी पर अस्थायी अतिक्रमण कर दुकानें बना ली गई थीं। इसके चलते अक्सर जाम लगता था और लोग रोज परेशान होते थे। शिकायत पर सभी 38 अतिक्रमणकारियों को 23 सितंबर को नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी लेकिन किसी ने अतिक्रमण नहीं हटाया। फिर नोटिस देकर 17 दिसंबर का आखिरी मौका दिया गया था लेकिन अतिक्रमण बरकरार रहा।
सोमवार को जेई महेंद्र कनौजिया, अमीन नहर विभाग दिलीप, शीशपाल, अजय कुमार, राकेश कुमार व भारी पुलिस बल के साथ जेसीबी की मदद से अवैध अतिक्रमण हटवाया गया। इस दौरान नहर की 300 मीटर पटरी को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया। साथ ही दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।