खैरीघाट (बहराइच)। थाना क्षेत्र के धनावा मोड़ के पास मंगलवार देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गइ। इसके नीचे दबने से एक किसान की मौत हो गई। वहीं, ट्रैक्टर पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है।
खैरीघाट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत धनावा निवासी किसान ओम प्रकाश शुक्ल (42) ट्रैक्टर-ट्रॉली से गन्ना लेकर पारले चीनी मिल गए थे। मंगलवार रात गन्ना तौल होने के बाद वह अपने घर वापस आ रहे थे। इसी दौरान धनावा मोड़ के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बगल में लगे पेड़ से टकराकर पलट गई। ओम प्रकाश व ट्रैक्टर पर सवार मटेरा थाना क्षेत्र के शंकरपुर निवासी रोहित अवस्थी इसके नीचे दब गए।
रोहित अपनी ससुराल धनावा जा रहे थे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर दोनों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने ओमप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। ओमप्रकाश की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ओमप्रकाश के पांच बेटे व एक बेटी है। तीन बेटों और एक बेटी की अभी शादी नहीं हुई है। अपराध निरीक्षक दुर्ग विजय सिंह ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।