बहराइच। जीएसटी टीम के छापामार अभियान के विरोध में शनिवार को नानपारा व कैसरगंज में व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। कैसरगंज में व्यापारियों ने मुख्यमंत्री व डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा और छापों पर रोक लगाने की मांग की। नानपारा में व्यापारियों ने बाइक रैली निकाली और तहसीलदार को शिकायती पत्र दिया। वहीं, जीएसटी टीम को लेकर खौफ शनिवार को भी देखने को मिला। शहर के कटी चौराहा, मुख्य बाजार की कुछ दुकानों, नवाबगंज, अगैया, महसी, तेजवापुर आदि इलाकों में सैकड़ों दुकानें बंद रहीं।
कैसरगंज में व्यापार मंडल व सर्राफा एसोसिएशन के बैनर तले व्यापारियों ने विरोध मार्च निकाला और मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी को संबोधित मांग पत्र एसडीएम को सौंपा। व्यापार मंडल के अध्यक्ष रामेंद्र देव सिंह व सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील रस्तोगी ने बताया कि जीएसटी टीम की कार्रवाई से व्यापारियों में दहशत है। इससे भ्रष्टाचार व इंस्पेक्टर राज को बढ़ावा मिल रहा है। नानपारा में उद्योग व्यापार मंडल नानपारा के अध्यक्ष अब्दुल मुशीर सेठ, उपाध्यक्ष प्रकाशवीर गुप्ता व महामंत्री तेज प्रकाश अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने गांधी पार्क से विरोध रैली निकाली जिसमें सैकड़ों बाइक सवार व्यापारी शामिल हुए। प्रदर्शन में हाजी मुन्नन, मनोज कुमार, तस्दीक हाशमी, रामगोपाल, गुड्डू मारिया, रईस अहमद आदि शामिल रहे।
जीएसटी टीम के छापों की दहशत में शनिवार को भी कई बाजारों में दुकानें बंद रहीं। शहर के कटी चौराहा स्थित बाजार में सन्नाटा देखने को मिला। मुख्य बाजार पीपल-तिराहा से घंटाघर, छावनी आदि क्षेत्रों में भी कई दुकानें बंद रहीं। नवाबगंज, अगैया, मिहींपुरवा, महसी, तेजवापुरन, कैसरगंज आदि क्षेत्रों के बाजारों में भी सैकड़ों दुकानों के शटर बंद रहे।