मिहींपुरवा (बहराइच)। जलीय जीवों का शिकार करने वाले दो शिकारियों को वन विभाग की टीम ने मंगलवार को दबोच लिया। इनके पास से दुर्लभ प्रजाति के चार कछुए, दो मृत मछलियां, जाल व हंसिया बरामद हुआ है। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
डीएफओ, कतर्नियाघाट आकाशदीप बधावन ने बताया कि मंगलवार को कतर्नियाघाट रेंज के बाघ संरक्षित क्षेत्र में वन दरोगा राधेश्याम टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान दो संदिग्ध लोग आते दिखे। टीम ने घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया। तलाशी के दौरान दुर्लभ प्रजाति के चार कछुए, दो मृत मछलियां, एक जाल व हंसिया बरामद हुआ। शिकारियों की पहचान सुजौली थाना क्षेत्र के भरथापुर गांव निवासी दूधनाथ व रामसरन के रूप में हुई। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। कछुओं को नदी में छोड़ दिया गया।