बहराइच। जिले के आयुष्मान कार्ड धारकों को अब लखनऊ के विवेकानंद अस्पताल में भी इलाज मिलेगा। यहां हृदय, नाक, कान व गला, अस्थमा, पेट रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग, न्यूरोलॉजी और कैंसर सहित अन्य जटिल रोगों के उपचार की सुविधा उपलब्ध है ।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि कमजोर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए निजी चिकित्सालयों को प्रेरित किया जा रहा है। इसके तहत दो दिसंबर को कानपुर में कार्यशाला का आयोजन किया गया था। कार्यशाला में उन चिकित्सालयों के संचालकों को आमंत्रित किया गया था जो अभी तक योजना के तहत सूचीबद्ध नहीं हैं। 70 अस्पतालों के संचालकों ने कार्यशाला में प्रतिभाग किया।
37 ने योजना में शामिल होने में दिलचस्पी दिखाई। इसमें विवेकानंद अस्पताल भी शामिल है। यहां आयुष्मान कार्ड धारक पांच लाख रुपये तक जटिल रोगों का कैशलेस इलाज करा सकेंगे। उन्होंने अपील की कि पात्र अपना आयुष्मान कार्ड जल्द से जल्द बनवा लें ताकि गंभीर स्थितियों में समय से बेहतर इलाज मिल सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में सात निजी अस्पताल योजना के तहत सूचीबद्ध हैं। इनमें बद्री प्रसाद मेमोरियल चिकित्सालय, रेनबो हॉस्पिटल, महेश पॉली क्लीनिक, मुस्तफा अस्पताल, राहत अस्पताल, हिंदुस्तान चाइल्ड अस्पताल व इंडिया हॉस्पिटल शामिल हैं।
इलाज के लिए योजना से जुड़े अस्पताल में आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड व राशन कार्ड लेकर जाना होता है। अस्पताल में मौजूद आयुष्मान मित्र इस कार्ड को पोर्टल पर अपडेट करते हैं। इससे एक यूनिक कोड मिलता है। इसी कोड से मरीज को निशुल्क इलाज के लिए भर्ती कर लिया जाता है।
आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए टोल फ्री नंबर 180018004444 पर कॉल कर सकते हैं। व्यक्ति को नाम, आधार कार्ड नंबर, राशन कार्ड नंबर व स्थायी पता बताना होगा। इसके अलावा गांव के पंचायत सहायक, स्वास्थ्य केंद्र के आयुष्मान मित्र या किसी भी जन सुविधा केंद्र से भी बनवाया जा सकता है। जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी बृजेश सिंह ने बताया कि जनपद में गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले 244457, 118472 अंत्योदय कार्ड धारक परिवारों व 37000 श्रमिक कार्ड धारक परिवारों को योजना में शामिल किया गया है।