विशेश्वरगंज(बहराइच)। पंजाब के जालंधर सिटी थाना क्षेत्र में हत्या की घटना को अंजाम देकर फरार हुए तीन हत्यारोपियों को शुक्रवार देर रात पंजाब पुलिस ने दबोच लिया। तीनों विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के गुजराघाट के गांव नेतईपुरवा में एक घर में छिपे थे।
जालंधर सिटी थाना क्षेत्र में हत्या व जान से मारने की धाराओं में वांछित चल रहे गुरप्रीत, शिवदास व दीपक शर्मा विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के गुजराघाट के नतईपुरवा में शरण लिए थे। तीनों जालंधर के गोपाल नगर के निवासी हैं। नेतईपुरवा में हत्यारोपी दीपक शर्मा की रिश्तेदारी है। सूचना मिलने पर शुक्रवार शाम जालंधर सिटी थाने के उपनिरीक्षक हरजीत सिंह, सहायक उपनिरीक्षक बिंदर सिंह, कांस्टेबल लवप्रीत सिंह व तलविंदर सिंह विशेश्वरगंज पहुंचे। इसके बाद विशेश्वरगंज पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और मदद मांगी। प्रभारी थानाध्यक्ष सुभाष यादव ने बताया कि उच्चाधिकारियों को जानकारी देने के बाद सिपाही कमलेश कनौजिया व सुनील कुमार को पंजाब पुलिस के साथ भेजा गया। पंजाब पुलिस तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर साथ ले गई।