मिहींपुरवा(बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मुर्तिहा रेंज में रविवार रात तेंदुए ने बकरी पर हमला कर मार डाला। इससे नाराज ग्रामीणों ने बकरी का शव रखकर नारेबाजी की। सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। साथ ही सतर्क रहने की सलाह दी।
मुर्तिहा रेंज की ग्राम पंचायत सेमरी मलमला के मजरा धनगर पुरवा में रविवार रात करीब दो बजे राजू के घर तेंदुए ने धावा बोल दिया। इस दौरान उसकी बकरियों पर हमला कर दिया। बकरियों के चिल्लाने की आवाज पर लोग जाग गए और हांका लगाकर तेंदुए को भगाया। राजू ने बताया कि तेंदुए के हमले में एक बकरी की मौत हो गई है। इससे नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को बकरी का शव रखकर नारेबाजी की। वनरक्षक मनीष कुमार ने उन्हें किसी तरह शांत कराया।