कैसरगंज/ खैरीघाट(बहराइच)। कैसरगंज थाना क्षेत्र के ऐनी अलहियापुर टोल प्लाजा के निकट एक बाइक में बस ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर पीछे बैठे किशोर की मौत हो गई। वहीं चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं खैरीघाट थाना क्षेत्र में अनियंत्रित बाइक के पलटने से एक युवक की मौत हो गई।
जरवलरोड थाना क्षेत्र के धनराजपुर निवासी प्रियांशु उर्फ शुभम (14) अपने दोस्त आयुष (18) के साथ बाइक से नियमतापुर स्थित अपनी ननिहाल गया था। रविवार की शाम घर वापस जाते समय लगभग सात बजे ऐनी अल्हियापुर टोल प्लाजा पर पीछे से आ रही बस ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर पीछे बैठा प्रियांशु उछल कर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
आयुष को भी चोट आई। दोनों घायलों को राहगीरों ने सीएचसी कैसरगंज पहुंचाया, जहां प्रियांशु को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल आयुष का इलाज जारी है। सूचना पर पहुंचे कैसरगंज थानाध्यक्ष दद्दन सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया की परिजनों को सूचना दी गई है।
वहीं खैरीघाट थाना क्षेत्र में पोते की दवा लेने जा रहे युवक की बाइक पलटने से मौत हो गई। खैरीघाट थाना क्षेत्र के अम्बरपुर निवासी मन्नू (42) पुत्र तालुकदार अपने पोते की दवा लेने बाइक से इमामगंज जा रहा था। शिवपुर-इमामगंज मार्ग पर लौकिहा मंदिर के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे चली गई। जिससे मन्नू गंभीर रूप से घायल हो गया। मन्नू को परिजन सीएचसी लेकर गए, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया।