मिहींपुरवा/मूर्तिहा(बहराइच)। मुर्तिहा रेंज में रविवार की रात राहगीरों को सड़क पर बाघ दिख गया। कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। डीएफओ आकाशदीप बधावन ने बताया कि वन्य क्षेत्र में वीडियो बनाना प्रतिबंधित है। ऐसे वीडियो से वन्यजीवों को शिकारियों का खतरा है। उन्होंने बताया कि मुर्तिहा रेंज में वीडियो बनाने वालों का पता लगाया जा रहा है।
इन पर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं मोतीपुर रेंज के खड़िया गांव में रविवार रात गैंडा पहुंचने से ग्रामीण दहशत में आ गए। राजवंशी, नागेंद्र यादव, प्रमोद, मनोज व रामदयाल यादव ने बताया कि रात में टहलने निकले थे तभी भारी-भरकम गैंडा दिख गया। इसके बाद आसपास के लोगों को बुलाकर हांका लगाया तब गैंडा जंगल की तरफ गया। डीएफओ ने बताया कि जानकारी मिली है। दो-तीन दिन से गैैंडों की चहलकदमी बढ़ी है। निगरानी बढ़ा दी गई है।