बहराइच। नगर के सिटी मांटेसरी स्कूल में लगभग 20 दिन पूर्व झूला गिरने से दो बच्चों की मौत के बाद बेसिक शिक्षा विभाग जागा है। विद्यालयों से बच्चों की सुरक्षा व सुविधा संबंधी बिंदुओं पर शपथ पत्र मांगा गया है। स्कूलों को बच्चों से जुड़ी जानकारी, मान्यता मिलने की तिथि, सोसाइटी का पंजीयन, कक्षों में आग से बचाव के इंतजाम व शौचालयों की स्थिति का ब्योरा प्रस्तुत करना होगा।
इसके बाद विभाग की टीम विद्यालयों में जाकर जांच करेगी। इस दौरान वाहनों का फिटनेस प्रमाण पत्र भी देखा जाएगा। बीएसए एआर तिवारी ने बताया कि विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा अत्यधिक महत्वपूर्ण है। शपथ पत्र मिलने के बाद सभी विद्यालयों का निरीक्षण कर सुरक्षा की स्थिति जांची जाएगी। खामी मिलने पर दुरुस्त कराया जाएगा।