महसी (बहराइच)। सीतापुर मार्ग पर बृहस्पतिवार की रात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके साथ बैठा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेेफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है।
हरदी थाना क्षेत्र के औराही जागीर निवासी लवकुश कुमार (28) रिश्तेदार हीरालाल के साथ बाइक से सीतापुर स्थित ससुराल जा रहे थे। देर रात बहराइच-सीतापुर मार्ग पर चहलारी घाट पुल पर पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में लवकुश की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, हीरालाल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया। उधर, लवकुश की दो साल की एक बेटी है। थानाध्यक्ष हरदी ज्ञान सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश की जा रही है।