बहराइच। आजादी का अमृत महोत्सव एवं आयुर्वेद का अमृत काल कार्यक्रम के तहत स्व. ठाकुर हुकुम सिंह किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘‘मेरे दैनिक जीवन में आयुर्वेद की उपयोगिता’’ विषयक भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें 100 से अधिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज बहराइच के प्रतीक मिश्र ने प्रथम, बाल शिक्षा निकेतन गर्ल्स इंटर कॉलेज की अमृता अवस्थी ने द्वितीय व श्री सरस्वती इंटर कॉलेज रिसिया की दिव्या अग्रहरि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज, महसी की छात्रा अंशिका त्रिवेदी व रामबहादुर सिंह इंटर कॉलेज, केलागांव महसी की छात्रा स्वाति तिवारी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट में विजेता प्रतिभागियों को डेमो चेक प्रदान किया। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पाण्डेय ने बताया कि 23 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।