खैरीघाट (बहराइच)। थाना क्षेत्र में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके गिरोह के तीन सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। पुलिस ने सोमवार की देर रात लगभग दो बजे तीनों को चोरी की योजना बनाते गिरफ्तार किया। वहीं, गिरोह का एक सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। चोरों की निशानदेही पर छह जोड़ी बिछिया, एक बंडल कटीला तार, दो माला, एक साइकिल व आठ हजार रुपये बरामद किए। चोरों ने देवदत्तपुर, नरोत्तमपुर व बेहड़ा में चोरी की घटनाएं स्वीकार की हैं।
खैरीघाट थाना क्षेत्र में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने वाले एक चोर गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष निखिल चंद श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार रात गश्त के दौरान सूचना मिली कि ग्राम पंचायत बरुही के टेपरा पुल के पास एक गिरोह चोरी की योजना बना रहा है। सूचना पर तत्काल टीम बनाकर मौके पर भेेजी गई। पुलिस कर्मियों को देखकर चोर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एक चोर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार चोरों की पहचान राजकुमार व बुद्धि लाल निवासी नकहुआ और नीरज निवासी बदरका के रूप में हुई है। वहीं, मौके से फरार चोर की पहचान राजू निवासी नकहुआ के रूप में हुई है।