जरवलरोड (बहराइच)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुस्तफाबाद में जमीन विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठियां चलने लगीं। विवाद में 15 लोग घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुस्तफाबाद में भर्ती करवाया गया। हालत गंभीर होने पर 11 लोगों को मेडिकल कॉलेज, बहराइच रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 13 नामजद व 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि एक पक्ष के चतुर्गुण वर्मा की तहरीर पर राज नारायण यादव, प्रदीप यादव, हंस राम, करुणेश वर्मा उर्फ गुड्डू, गिरीश कुमार वर्मा, अमरेश कुमार वर्मा, रामसूरत यादव व 20 अज्ञात के खिलाफ मारपीट, बलवा, जानमाल की धमकी, छेड़छाड़ और लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष के प्रदीप कुमार की तहरीर पर चतुर्गुण वर्मा, दिलीप कुमार, राधेश्याम, जगदेव, सत्रोहन व रामप्रताप के खिलाफ मारपीट, छेड़छाड़, गाली-गलौज और जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।