जरवलरोड (बहराइच)। थाना क्षेत्र में बाढ़ के पानी में डूबने से एक मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई। चार वर्षीय मासूम अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गड्ढे में भरे बाढ़ के पानी में डूब गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अहाता निवासी शिवम (4) बृहस्पतिवार शाम पांच बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गड्ढे में भरे बाढ़ के पानी में डूब गया। काफी देर तक शिवम नहीं दिखा तो घरवालों ने खोजना शुरू किया। उसका शव गड्ढे में उतराता मिला। पिता राजेश ने बताया कि शिवम सो रहा था। उसकी मां पास के घर से चावल लेने गई थी। इसी दौरान वह उठा और बाहर खेलने लगा।
गड्ढे में डूबने से उसकी मौत हो गई। वहीं, बिसैंधा निवासी संदीप (22) बाढ़ के पानी से लबालब तालाब में डूब गए। पिता शिवकुुमार ने बताया कि संदीप कमाने के लिए लखनऊ गया था। बृहस्पतिवार को वह बिना बताए घर आ रहा था। इसी दौरान भवनियापुरा के पास मटियारी तालाब में डूबने से उसकी मौत हो गई। जरलरोड थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि दोनो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।