बहराइच। दशहरा धूमधाम से मनाने के लिए मंगलवार को तैयारी जोरों पर रही। कारीगर रावण के 45 फीट के पुतले को अंतिम रूप देने में जुट रहे। मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतले भी लगभग तैयार हो गए।
श्रीमर्यादा पुरुषोत्तम भगवान रामलीला कमेटी के तत्वावधान में दशहरे का पर्व धूमधाम से मनाने की तैयारी में कमेटी के पदाधिकारी जुटे हैं। शहर के बशीरगंज मोहल्ले के सरयू तट स्थित श्रीराम लीला मैदान में वृंदावन के कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन चल रहा है। पांच अक्तूबर को दशहरे का पर्व है। दशहरे के मौके पर रावण दहन की परंपरा है।
एक माह से रावण के पुतले को अंतिम रूप देने में कारीगर जुटे हुए है। पुतले को अंतिम रूप देने में जुटे मुख्य कारीगर पप्पू ने बातचीत में बताया कि इस बार 45 फीट के रावण का पुतला तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुतले को विशालकाय रूप देने के लिए पूरी टीम एक माह से कार्य कर रही है। कारीगर पप्पू का कहना है कि रावण के विशालकाय पुतले के साथ कुंभकर्ण का 18 फीट और मेघनाथ का 16 फीट का पुतला भी तैयार किया जा रहा है। पुतले की तैयारी अंतिम चरण में है। मंगलवार की रात तक पुतला तैयार कर बुधवार की दोपहर रामलीला के मैदान में स्थापित करा दिया जाएगा।
सूर्यास्त के समय पांच अक्तूबर को रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। पुतला दहन से पूर्व भगवान श्रीराम द्वारा रावण के वध का मंचन किया जाएगा। इस दौरान भीषण आतिशबाजी के साथ रावण के पुतले का दहन होगा। रामलीला कमेटी के जिलाध्यक्ष श्याम करन टेकड़ीवाल का मानना है कि रावण दहन का कार्यक्रम देखने के लिए इस वर्ष हजारों की संख्या में दर्शक रामलीला मैदान में पहुंचेंगे। कार्यक्रम देखने के लिए दर्शकों के लिए विशेष व्यवस्था बनाई जा रही है।