कैसरगंज (बहराइच)। तहसील क्षेत्र में मुख्य बाजार के समीप शुक्रवार की दोपहर ट्रक की चपेट में आकर एक मासूम की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने ही मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
तहसील क्षेत्र के ग्राम जमापुर निवासी बड़कन्ने अपने पुत्र रिहान 09 वर्ष, का इलाज कराकर शुक्रवार की दोपहर अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से गांव वापस जा रहा था। तभी ऐनी मोड़ के समीप एक अनियंत्रित ट्रक ने उसकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से बाइक पर बैठा रिहान सड़क पर गिर गया। दुर्घटना होते ही चालक ट्रक लेकर भागने लगा। इसी दौरान रिहान ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उधर दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर छोड़कर फरार हो गया था। जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।