बहराइच। विकास खंड रिसिया के प्राथमिक विद्यालय बंगला चक का बुधवार को डीएम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षक की भूमिका निभाई। विद्यालय पहुंचते ही उन्होंने बोर्ड पर गणित के सवाल लिखते हुए बच्चों से हल करने को कहा। तीन विद्यार्थियों ने सही जवाब दिया तो डीएम ने उन्हें नगद पुरस्कार प्रदान किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था व मिड-डे मील समेत अन्य बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान डीएम डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने कक्षा दो के छात्र-छात्राओं से मध्याह्न भोजन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। छात्र-छात्राओं ने उनसे मेन्यू के मुताबिक आलू व सोयाबीन मिक्स तहरी परोसे जाने की बात कही। इसके बाद कक्षा चार का निरीक्षण करने पर शिक्षिका रेहाना बेगम बच्चों को गणित पढ़ाती मिलीं। यहां डीएम ने बोर्ड पर गणित के सवाल लिखकर बच्चों से हल करने को कहा। कक्षा में मौजूद छात्रा दिव्या शर्मा ने प्रश्न हल कर दिए। साथ ही दो और छात्रों ने सवाल हल किए। डीएम ने तीनों बच्चों को नगद पुरस्कार दिया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक अमित गौतम, शिक्षिका रेहाना बेगम, मीनाक्षी माहेश्वरी, सायमा शाद आदि मौजूद रहीं।