बहराइच। शासन की ओर से गैर मान्यता प्राप्त मदरसों का सर्वे करने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद डीएम ने टीम भी गठित कर दी थी, लेकिन सर्वे कार्य बेहद सुस्त रफ्तार से चल रहा है। अब तक सिर्फ पांच मदरसों का ही सर्वे किया गया है।
तीन सितंबर को तीन सदस्यीय टीम गठित की गई थी। समिति में बीएसए व जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के अलावा संबंधित तहसीलों के एसडीएम शामिल रहेंगे। डीएम ने पांच अक्तूबर तक सर्वे कार्य पूर्ण कर 10 अक्तूबर तक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। हालांकि, जिले में मदरसों का सर्वे कार्य बेहद सुस्त नजर आ रहा है। अब तक मात्र पांच मदरसों का ही सर्वे हुआ है जबकि गैर मान्यता प्राप्त मदरसों की संख्या सैकड़ों में है। जिला अल्पसंख्यक अधिकारी संजय मिश्रा ने बताया कि पांच अक्तूबर तक सर्वे पूर्ण कर लिया जाएगा।
सर्वे में मदरसे का स्थापना वर्ष, संचालन करने वाली संस्था, मदरसा भवन, बच्चों को दी जाने वाली शिक्षा, शैक्षिक वातावरण, फर्नीचर, शौचालय, पेयजल, अध्यनरत छात्र-छात्राओं की संख्या, शिक्षकों की संख्या, आय स्रोत आदि बिंदुओं की जांच की जाएगी।