कैसरगंज (बहराइच)। लखनऊ-बहराइच हाईवे पर बढ़ौली पड़ाव के पास खड़ी डबल डेकर बस में डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस पलट कर क्षतिग्रस्त हो गई और छह यात्री घायल हो गए। पुलिस ने घायल यात्रियों को सीएचसी भिजवाया, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर एक यात्री को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के बढ़ौली पड़ाव के पास लखनऊ-बहराइच हाईवे पर डबल डेकर बस खड़ी थी। बृहस्पतिवार की सुबह लगभग छह बजे लखनऊ की ओर से आ रहे डंपर ने बस में पीछे से टक्कर मार दी। इससे बस पलट गई। बस का शीशा तोड़कर यात्री बाहर निकले। हादसे में पप्पू निवासी गोडहिया नंबर चार, अनिल निवासी कटका मरौठा व पिंटू निवासी गोड़हिया समेत छह लोग जख्मी हो गए। घटना की सूचना पर कैसरगंज कोतवाल दददन सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पप्पू की हालत गंभीर होने के कारण इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।