कैसरगंज/बाबागंज (बहराइच)। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में होमगार्ड समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के भगौतीशाह पुरवा गोडहिया नंबर चार निवासी रामकुमार (40) कैसरगंज कोतवाली में होमगार्ड थे। बताया जाता है कि बुधवार की रात गश्त करते समय जरवल की ओर से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो ग्रए।
इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। कोतवाल दद्दन सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, रुपईडीहा थाना क्षेत्र के महानंद पुरवा के पास दो बाइकों में भिड़ंत हो गई। हादसे में शिवा बरनवाल (19) की मौत हो गई। महेश चौरसिया (40) निवासी मटेरा कला व दिव्यांश चक्रवर्ती (23) निवासी रुपईडीहा घायल हो गए।