बहराइच। बहराइच-वाराणसी के बीच इंटरसिटी दौड़ने का इंतजार खत्म होने वाला है। पहले निर्धारित 21 कि बजाय ट्रेन अब 22 अगस्त से बहराइच से वाराणसी के लिए रवाना होग। इसे लेकर तैयारियां तेज कर दी गईं हैं। रेलवे स्टेशन पर रंगाई-पुताई व सफाई का दौर शुरू हो गया है। स्टेशन के बाहरी छोर की ओर पंडाल बनाया जा रहा है। बहराइच सांसद इंटरसिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। सांसद के साथ पयागपुर व सदर विधायक भी मौजूद रहेंगी। इंटरसिटी के संचालन की खबर सुनने के बाद जिलवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोग पहले दिन यात्रा करने के लिए टिकट बुक कराने के लिए बेताब दिखे।
बता दें कि बुधवार को रेलमंत्री ने बहराइच के सांसद अक्षयवरलाल गोंड को फोन पर जानकारी देकर बताया था कि बहराइच से बनारस तक इंटरसिटी ट्रेन चलेगी। अब ट्रेन संचालन का पत्र आने के बाद तैयारियां तेज कर दीं र्गइं हैं। रेलवे स्टेशन परिसर की साफ-सफाई व रंगाई-पुताई का कार्य शुरू कर दिया गया है। बहराइच सांसद 22 अगस्त को इंटरसिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उसके बाद रोजाना ट्रेन का संचालन बहराइच से वाराणसी के लिए होगा।
बहराइच से वाराणसी के लिए संचालित होने वाली इंटरसिटी ट्रेन की बुकिंग शुक्रवार को शाम तक शुरू नहीं हो सकी थी। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, कंप्यूटर में ट्रेन का नंबर सेव न होने के कारण टिकट बुकिंग का शुभारंभ नहीं हो सका। उम्मीद जताई जा रही है कि शनिवार से टिकट की बुकिंग शुरू हो सकती है।
इंटरसिटी सुबह पांच बजकर 15 मिनट पर बहराइच से रवाना होगी। यह ट्रेन जिले में सिर्फ पयागपुर स्टेशन पर ही रुकेगी। पयागपुर में भी ट्रेन के स्वागत को लेकर तैयारियां की जा रहीं हैं। ट्रेन चलने की खबर से वहां के लोगों में भी काफी खुशी हैं।
शुक्रवार को सांसद अक्षयवरलाल गोंड ने अपने आवास पर प्रेस वार्ता की। सांसद ने बताया कि रेलमंत्री से बहराइच से गोरखपुर व बहराइच से लखनऊ के लिए भी ट्रेन चलाने की मांग की गई है। सांसद ने कहा कि उम्मीद है कि यह मांग भी जल्द पूरी होगी। उन्होंने बताया कि रुपईडीहा के लिए बड़ी लाइन की स्वीकृति मिल गई है। शीघ्र ही सर्वे शुरू हो जाएगा।