रिसिया (बहराइच)। क्षेत्र भ्रमण से लौट रहीं ब्लॉक प्रमुख को रास्ते में दबंग ने गाली-गलौज की और काम न करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। ब्लॉक प्रमुख ने रिसिया थाने में दबंग के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। पीड़िता ने एसपी से मुलाकात कर सुरक्षा की गुहार भी लगाई। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। रिसिया ब्लॉक प्रमुख रीना जायसवाल गुरुवार को अपने सहयोगियों के साथ क्षेत्र का भ्रमण कर रहीं थीं। क्षेत्र का भ्रमण कर वह वापस लौट रहीं थीं।
आरोप है कि जब वह खैरी गांव के पास पहुंचीं तभी गांव निवासी राजेश वर्मा ने गाड़ी रोकी और गांव में हुए सड़क निर्माण के बारे में पूछने लगे। आरोप है कि वह अचानक उग्र हो गए और गाली-गलौच करने लगे। आरोप है, धमकी देते हुए कहा कि अगर मेरा काम नहीं हुआ तो जान से मार देेंगे। ब्लॉक प्रमुख ने रिसिया थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। रिसिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।