शासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस से पूर्व अमृत सरोवरों का निर्माण कर ध्वजारोहण का निर्देश दिया गया था। इसके तहत अधिकतर अमृत सरोवरों का कार्य पूर्ण कर ध्वजारोहण किया गया। ऐसे ही एक अमृत सरोवर का लोकार्पण करने पहुंचीं बलहा विधायक की भाषण के दौरान जुबान फिसल गई। उन्होंने मौजूद ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस के बजाए गणतंत्र दिवस का शुभकामनाएं दे दीं। इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
बताते चलें कि मिहींपुरवा विकास खंड की ग्राम पंचायत गंगापुर में निर्माणाधीन अमृत सरोवर के निर्माण में कुछ खामियां मिलीं थीं। इसकी जांच के लिए कमेटी गठित की गई थी, लेकिन ध्वजारोहण के निर्देश के क्रम में स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व गंगापुर अमृत सरोवर का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बहराइच सांसद अक्षयवर लाल गोंड व विशिष्ट अतिथि बलहा विधायक सरोज सोनकर रहीं। इस दौरान बलहा विधायक ने कह दिया, गणतंत्रता दिवस पर आप सबको बधाई।
विधायक ने इस गलती का खंडन भी नहीं किया। इसके बाद विधायक ने कार्यक्रम स्थल से उठकर नव निर्मित अमृत सरोवर की जांच की और वहां गुणवत्ताहीन निर्माण देखकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। विधायक की फटकार पर बीडीओ ने बताया कि कार्य की गुणवत्ता की जांच करने के लिए टीम बनाई गई है। अभी भुगतान नहीं किया गया है। वहीं, सफाई देते हुए ग्राम प्रधान रमेश कुमार मौर्य ने बताया कि सरकार के निर्देश पर कम समय होने के कारण जल्दबाजी में निर्माण कराया गया है। कमियां दूर की जाएंगी।