विशेश्वरगंज (बहराइच)। दिल्ली से सवारियां लेकर आ रही एक स्लीपर कोच बस बुधवार की सुबह अनियंत्रित होकर विशेश्वरगंज-इकौना मार्ग पर जलालपुर मोड़ के पास पलट गई। बस पलटने से सात लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों व मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने बस के अंदर से लोगों को निकाला। गंभीर रूप से घायल एक युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
विशेश्वरगंज के पुरैना क्षेत्र से प्रतिदिन स्लीपर कोच बस का संचालन दिल्ली के लिए किया जाता है। मंगलवार की रात दिल्ली के आनंद बिहार बस अड्डे से सवारियां लेकर बस संख्या यूपी 40 एटी 3205 पुरैना बस स्टैंड आ रही थी। सुबह लगभग नौ बजे जलालपुर के पास तीव्र मोड़ होने के कारण बस चालक नियंत्रण खो बैठा जिससे बस पलट गई। बस पलटते ही सवारियों ने बचाव के लिए गुहार लगानी शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस कर्मियों को दी।
सूचना मिलते ही निरीक्षक श्यामदेव चौधरी पुलिस कर्मियों को लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग से बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। बस पलटने से सात लोग घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर होने पर एंबुलेंस ही सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बस पलटते ही बस चालक व परिचालक मौके से फरार हो गए। निरीक्षक श्यामदेव चौधरी ने बताया कि एक यात्री को ज्यादा चोटें आईं हैं। उसे इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती करा दिया गया है।